जनसंख्या वृद्धि या जनसंख्या विस्फोट पर नियन्त्रण
जनसंख्या वृद्धि एक गम्भीर राष्ट्रीय समस्या है। समाज तथा राष्ट्र की प्रगति एवं समृद्धि के लिए इस समस्या का समाधान अति आवश्यक है। इसके निवारण हेतु जन्म-दर को घटाना अनिवार्य हो गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विभिन्न प्रयास करने आवश्यक हैं। कुछ महत्त्वपूर्ण प्रयासों का विवरण निम्नलिखित है।
⦁ जनसंख्या नियन्त्रण हेतु सर्वप्रथम शिक्षा का प्रसार आवश्यक है। विद्यालय शिक्षा के अन्तर्गत जनसंख्या शिक्षा को सम्मिलित करके भावी पीढ़ी को छोटे परिवार की महत्ता समझायी जा सकती है। शिक्षित व्यक्ति अन्धविश्वासों एवं मिथ्या धारणाओं से मुक्त होते हैं तथा वे नियोजित परिवार के महत्त्व को समझते हैं।
⦁ इसके अतिरिक्त बाल-विवाह तथा कम आयु में होने वाले विवाहों को रोकना चाहिए। यह उपाय प्रजनन दर को कम करने में सहायक हो सकता है।
⦁ छोटे परिवार के महत्त्व एवं लाभों के प्रति जन-जागरूकता का प्रसार करना चाहिए तथा देश के सभी नागरिकों को स्वेच्छा से परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस दिशा में छोटे परिवार वाले व्यक्तियों को विभिन्न प्रोत्साहन दिए जा सकते हैं, जैसे कि वेतन में वृद्धि, बच्चे के शिक्षा-शुल्क में छूट आदि। उल्लेखनीय है कि जनसंख्या नियन्त्रण के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए प्रतिवर्ष 11 जुलाई को ‘विश्व जनसंख्या दिवस’ मनाया जाता है।