आधुनिक युग प्रचार का युग है और आधुनिक समाज, जनसमाज है। जनसमाज में जनता से संपर्क करने और विशाल जनसंख्या तक अपने विचारों को पहुँचाने के लिए जनसंचार के माध्यम उपयोगी होते हैं।
जनसंचार के प्रमुख माध्यम निम्नलिखित हैं –
(1) समाचार-पत्र:
- समाचार – पत्र में नित्य प्रति की स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय घटनाओं की सूचनाएँ प्रकाशित होती रहती हैं।
- इसमें व्यवसाय, सेवा व विवाह इत्यादि से संबंधित विज्ञापन छपते हैं जिनके आधार पर संबंधित लोगों में पारस्परिक संपर्क होता है।
- जनता के विचार ‘संपादक के नाम पत्र’ के कॉलम में प्रकाशित होते हैं।
- संपादकीय (Editorial) समाचार – पत्र का महत्वपूर्ण अंग है क्योंकि उसके माध्यम से स्वयं संपादक अपना विचार जनता तक पहुँचाते हैं व जनता उन पर विचार करती है।
(2) टेलीविजन:
- स्वाभाविक रूप से व्यक्ति का प्रत्यक्ष दर्शन होने से अधिक प्रभाव पड़ता है।
- ये मनोरंजन का एक सशक्त साधन है, ज्ञानवर्धन में सहायक है और लोगों के व्यवहार निर्देशन का एक यंत्र भी है।
- परिवार में अब बातचीत के स्थान पर दृश्य दर्शन बढ़ रहा है और परिवार एक वार्ता – समूह के स्थान पर श्रोता समूह होता जा रहा है।
(3) चलचित्र:
- यह जनसंचार का सरल अत्यंत प्रभावशाली साधन है।
- चलचित्रों में संक्षिप्त समाचारों को प्रत्यक्ष दर्शाया जाता है।
- देश – विदेश की महत्वपूर्ण घटनाएँ, सामाजिक जीवन में होने वाले परिवर्तन आदि चलचित्रों के माध्यम से जनता तक पहुँचते हैं।
(4) इंटरनेट:
- वर्तमान युग में इंटरनेट जनसंचार का एक बहुत ही शक्तिशाली माध्यम है।
- लोग इंटरनेट के माध्यम से किसी भी देश के कोने में अन्य लोगों से संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
- आज इंटरनेट जनता की एक शक्तिशाली आवाज है जो संसार के समस्त क्षेत्रों में गूंजती है।