आसियान की प्रकृति एवं उद्देश्य – आसियान पूर्णतः आर्थिक सहयोग पर आधारित 10 दक्षिणी-पूर्वी एशियाई राज्यों का एक संगठन है। इन देशों की औपनिवेशिक विरासत ऐतिहासिक व भौगोलिक पृष्ठभूमि, राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक जीवन मूल्यों में भी अन्तर पाया जाता है। यद्यपि इन सभी देशों की कुछ चुनौतियां एक जैसी हैं एवं इन चुनौतियों का सामूहिक मुकाबला करने के लिए ही यह संगठन अस्तित्व में आया। इन देशों के समक्ष बढ़ती हुई जनसंख्या गरीबी आर्थिक शोषण, असुरक्षा आदि की एक समान चुनौतियाँ हैं जिनका समाधान परस्पर क्षेत्रीय सहयोग से ही संभव है।
आसियान के निर्माण का मुख्य उद्देश्य दक्षिण-पूर्वी एशिया में आर्थिक विकास को गति प्रदान करना एवं सदस्य देशों में राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक, वैज्ञानिक, तकनीकी, प्रशासनिक आदि क्षेत्रों में परस्पर सहयोग करना तथा विभिन्न साझी समस्याओं का मिलकर समाधान ढूँढ़ना ही इस संगठन का उद्देश्य है। इस संगठन का एक महत्वपूर्ण लक्ष्य साझा बाजार तैयार करना है एवं इन देशों के मध्य परस्पर व्यापार में वृद्धि करना है।