(क) मेसोपोटामिया की सभ्यता में धार्मिक जीवन
मेसोपोटामिया के लोगों के धार्मिक जीवन की विशेषताएँ निम्नलिखित थीं
⦁ अनेक देवी-देवताओं में विश्वास :
मेसोपोटामिया के लोगों का अनेक देवी-देवताओं में विश्वास था। उनमें शम्स (सूर्य देवता), अनु (आकाश देवता), एनलिल (वायु देवता) तथा नन्नार चंद्र देवता) आदि प्रमुख थे। बेबीलोन के निवासी विशेष रूप से ‘माईक’ और असीरिया के लोग ‘असुर’ (अस्सुर) नामक देवता की उपासना करते थे।
⦁ भव्य मंदिरों का निर्माण :
प्रत्येक नगर में एक प्रधान मन्दिर होता था। वहाँ का देवता नगर का संरक्षक देवता माना जाता था। नगर के संरक्षक देवता के लिए नगर के पवित्र क्षेत्र में किसी पहाड़ी पर या ईंटों के बने चबूतरे पर मंदिर का निर्माण किया जाता था, जिसे जिगुरत’ या “जिग्गूरात’ कहते थे।
⦁ बलि प्रथा :
लोग देवताओं को प्रसन्न करने के लिए भेड़-बकरी आदि पशुओं की बलि चढ़ाते थे। उनकी पूजा स्वार्थ-प्रेरित होती थी। उसमें श्रद्धा का अभाव पाया जाता था।
⦁ भौतिकवाद में आस्था :
इस सभ्यता के लोग अपने जीवनकाल में अधिक-से-अधिक सुख भोगना चाहते थे। अपने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए वे देवी-देवताओं की उपासना करते थे। उनका विश्वास था कि देवताओं को प्रसन्न रखकर भौतिक सुख प्राप्त किया जा सकता है।
⦁ अंधविश्वास :
इस सभ्यता के लोग अंधविश्वासी होते थे। वे ज्योतिषियों, पुरोहितों, भविष्यवाणियों, जादू-टोनों तथा भूत-प्रेत आदि पर बहुत विश्वास रखते थे। बाढ़, अकाल तथा महामारी को वे देवता का प्रकोप मानते थे।
⦁ नैतिकता :
इस सभ्यता के लोग नैतिकतापूर्ण जीवन व्यतीत करते थे। झूठ बोलना, घमण्ड करना तथा दूसरे को अप्रसन्न करने इत्यादि दुर्गुणों से वे दूर रहते थे।
⦁ वर्तमान का महत्त्व :
इस सभ्यता के लोग परलोक के स्थान पर इहलोक की चिंता अधिक करते थे। उनका विश्वास था कि परलोक अंधकार और दुर्भिक्ष (अकाल) का डेरा है, जहाँ पेट भरने के लिए केवल मिट्टी मिलती है।
(ख) मेसोपोटामिया की सभ्यता में लेखन कला व साहित्य
लेखन कला का आविष्कार मेसोपोटामिया की सभ्यता की संसार को सबसे बड़ी देन मानी जा सकती है। यहाँ के लोगों ने लिखने के लिए कीलाकार लिपि का विकास किया था। इस लिपि में 250 से भी अधिक अक्षर थे। प्रारम्भ में इनकी लिपि चित्रों पर आधारित थी, जो बाद में ध्वनि पर आधारित हो गई। यहाँ के लोग नर्म मिट्टी की बनी स्लेटों पर सरकण्डे की कलम से लिखा करते थे, जिन्हें पकाकर सुरक्षित रख लिया जाता था। हजारों की संख्या में ऐसी अनेक मिट्टी की पट्टिकाएँ या तख्तियाँ निनवेह नगर की खुदाई में मिली हैं। मेसोपोटामिया के निवासी साहित्य-प्रेमी थे। बेबीलोन व निनवेह नगरों की खुदाई में मिट्टी की जो पट्टियाँ मिली हैं, उनमें कहानियाँ, महाकाव्य, गीतिकाव्य तथा धार्मिक उपदेश संकलित हैं।
(ग) मेसोपोटामिया की सभ्यता में विज्ञान (वैज्ञानिक प्रगति)
मेसोपोटामिया के लोगों ने विज्ञान के कुछ क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की थी। गणित, ज्योतिष और औषधि-विज्ञान के क्षेत्रों में उनका योगदान बड़ा उल्लेखनीय है। गणित के क्षेत्र में सर्वप्रथम उन्होंने 1, 10 और 100 के चिह्न की खोज की थी। उनके गणितशास्त्र में 12 और 60 की संख्याओं का विशेष महत्त्वं था। उन्होंने वर्ष, माह, दिन, घण्टे, मिनट व सेकण्ड का विभाजन इसी आधार पर किया था। ज्योतिष के क्षेत्र में इन लोगों ने अनेक महत्त्वपूर्ण सफलताएँ अर्जित कर ली थीं। इन्होंने नक्षत्रों की गति के आधार पर मौसम संबंधी भविष्यवाणियाँ कीं और बुध, शुक्र, मंगल, गुरु तथा शनि ग्रहों का भी पता लगाया। उन्होंने आकाश को 12 राशियों में बाँटा और उनके नाम भी रखे। उन्होंने एक पंचांग भी बनाया और सूर्यग्रहण तथा चंद्रग्रहण के कारणों की खोज की। औषधि-विज्ञान के क्षेत्र में उन्होंने अनेक भयावह रोगों के निदान के लिए कुछ रसायन (दवाएँ) भी बना लिए थे। इतना ही नहीं, धूपघड़ी व सूर्यघड़ी के आविष्कारक भी यही लोग थे।
(घ) मेसोपोटामिया की सभ्यता में कलाओं का विकास
मेसोपोटामिया में पत्थर तथा धातुओं का अभाव था, इसलिए भवननिर्माण कला के क्षेत्र में यहाँ के, निवासियों ने कोई विशेष उन्नति नहीं की, फिर भी यहाँ के कुछ शासकों ने सुंदर मंदिरों वे महलों का निर्माण अवश्य कराया। इन्हें सुंदर चित्रों से सजाया भी जाता था। यही नहीं, मेहराबों, स्तम्भों और गुम्बदों के निर्माण में यहाँ के लोगों ने संसार को एक नई दिशा प्रदान की। इनकी कला के नमूनों में ‘बेबीलोन का बुर्ज’ और ‘जिगुरत’ या ‘जिग्गूरात’ विश्व भर में प्रसिद्ध हैं। इस सभ्यता के अन्तर्गत विशाल आकार की मूर्तियों का निर्माण भी हुआ। इसके अतिरिक्त बेबीलोन में चित्रकला भी अपने विकास के शिखर पर थी। यहाँ के लोग पशु-पक्षियों के व धर्म सम्बन्धी चित्र अधिक बनाते थे। इस समय संगीत कला, फर्नीचर निर्माण कला और मुद्रण कला भी विकसित हो चुकी थी।