गन्ना एक उष्ण कटिबन्धीय फसल है। भारत में इसकी खेती अधिकांशतया सिंचित क्षेत्रों में की जाती है। विश्व के गन्ना उत्पादक राष्ट्रों में भारत का ब्राजील के बाद दूसरा स्थान है। भारत में विश्व का लगभग 19 प्रतिशत गन्ना उत्पादित किया जाता है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना के उत्तरी-पश्चिमी भाग, गुजरात तथा कर्नाटक भारत के महत्त्वपूर्ण गन्ना उत्पादक राज्य हैं। उत्तर प्रदेश राज्य में देश का लगभग 40 प्रतिशत गन्ना उत्पादित किया जाता है। उत्तर भारत की तुलना में दक्षिणी भारत के गन्ना उत्पादक राज्यों में गन्ने की प्रति हेक्टेयर उपज अधिक है।