सूती वस्त्र उद्योग के स्थानीयकरण के कारक भारत में सूती वस्त्र उद्योग के स्थानीयकरण को प्रभावित करने वाले कारकों में कच्चे माल की स्थानीय उपलब्धता, सस्ते कुशल श्रमिकों की स्थानीय उपलब्धता, बाजार, सस्ती जल विद्युत शक्ति की उपलब्धता, स्थानिक निवेश तथा पत्तन की सुविधा जैसे कारक प्रमुख रूप से प्रभावी रहे हैं।
कपास एक शुद्ध कच्चा माल है जिसका वजन निर्माण प्रक्रिया में घटता नहीं है इसलिए वर्तमान में भारत के अधिकांश सूती वस्त्र उद्योग कपास उत्पादक क्षेत्रों के समीप ही स्थापित मिलते हैं। वर्तमान में सूती वस्त्र उद्योग को बाजार में या बाजार के समीप स्थापित करने की प्रवृत्ति मिलती है तथा बाजार की माँग यह निर्धारित करती है कि उद्योग में किस प्रकार के कपड़े का उत्पादन होना चाहिए।
जल विद्युत शक्ति के विकास से सूती वस्त्र मिलों को कपास उत्पादक क्षेत्रों से दूर स्थापित करने में सहयोग मिला है। तमिलनाडु राज्य की अधिकांश सूती वस्त्र मिलें सस्ती जलविद्युत शक्ति की उपलब्धता के कारण ही स्थापित हुई हैं।

सस्ते कुशल श्रमिकों की स्थानीय उपलब्धता के आधार पर उज्जैन, भरूच, आगरा, हाथरस, कोयंबटूर तथा तिरुनेलवेली नामक स्थानों पर सूती वस्त्र मिलों की स्थापना की गई। स्थानिक निवेश ने मुम्बई तथा कानपुर नगरों में सूती वस्त्र मिलों की स्थापना को बल प्रदान किया। पत्तन की सुविधा के कारण कोलकाता में सूती वस्त्र मिलें स्थापित की गईं।
भारत में सूती वस्त्र उत्पादन के प्रमुख केन्द्र: भारत में सूती वस्त्र उद्योग का सर्वाधिक विकास गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल तथा तमिलनाडु राज्यों में हुआ है; जबकि मुम्बई तथा अहमदाबाद भारत में सूती वस्त्र उद्योग के सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण केन्द्र हैं।
वर्तमान में भारत के प्रमुख सूती वस्त्र उत्पादक राज्यों के निम्नलिखित केन्द्रों पर सूती वस्त्र उद्योग कार्यरत हैं:
1. गुजरात: अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट तथा पोरबन्दर।
2. महाराष्ट्र: मुम्बई, पुणे, जलगाँव, औरंगाबाद, सांगली, कोल्हापुर, शोलापुर, नागपुर तथा वर्धा।
3. कर्नाटक: हुबली, मैसूर, बंगलौर, देवानगिरी एवं बेल्लारी।
4. मध्य प्रदेश: इन्दौर, उज्जैन, देवास तथा बुरहानपुर तथा ग्वालियर।
5. तमिलनाडु: चेन्नई, कोयंबटूर, थंजावुर, तिरुनेलवेली तथा तूतीकोरिन।
6. आन्ध्र प्रदेश: गुंटूर तथा काकीनाड़ा।
7. पश्चिम बंगाल: मुर्शिदाबाद, हावड़ा, हुगली तथा कोलकाता।
8. उत्तर प्रदेश: वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, अलीगढ़, आगरा, मुरादाबाद तथा सहारनपुर।
9. दिल्ली: शाहदरा।
10. तेलंगाना: हैदराबाद, वारंगल।